जमीन के विवाद में कुल्हाड़ी से युवक की हत्या का मामला
गोरखपुर। बांसगांव थानाक्षेत्र के ग्राम गजारी के मौजा इटोरा निवासी अनिल यादव (40) की हत्या के मामले में पुलिस ने एक बाल अपचारी को पकड़ा है। जबकि दूसरे आरोपी की लोकेशन देवरिया में मिली है। पुलिस की चार टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं।
अनिल यादव का उनके चचेरे भाइयाें मोहन और उससे छोटे भाई बाल अपचारी से रंजिश थी। पांच दिन पहले अनिल की गाय गायब हो गई थी। इस पर अनिल के भाई सुनील ने अपने चचेरे भाईयों पर चोरी का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी बांसगांव से शिकायत की थी। इससे नाराज मोहन व उसके छोटे भाई ने बृहस्पतिवार को धान की रोपाई कर रहे अनिल यादव की कुल्हाड़ी और धारदार हथियार ताबड़तोड़ वार कर मां के सामने ही हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में मृतक की मां फूलमती के तहरीर पर हत्या का केस दर्ज किया था।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने शनिवार को आरोपी बाल अपचारी को दबोच कर उसके पास से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली। पुलिस ने बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया। जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। जबकि उसके बड़े भाई मोहन की लोकेशन देवरिया में मिली है। इंस्पेक्टर बांसगांव प्रेमपाल सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।