सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हम लेकर रहेंगे आजादी के नारे का वीडियो
डीडीयू के मुख्य गेट के सामने एक संगठन के छात्र लगा रहे नारे
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय में जेएनयू वाले आजादी के नारे ‘हम लेके रहेंगे आजादी’ का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आरएसएस और बीजेपी से आजादी लेने की बात कही जा रही है। डीडीयू के मुख्य गेट के सामने एक संगठन का छात्र इस नारे को लगा रहा है। नारा लगाने वाला छात्र विश्वविद्यालय का रिसर्च स्कालर बताया जा रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है।
12 सेंकेड के वायरल इस वीडियो में विश्वविद्यालय गेट के सामने लगे झंडे में शहीद-ए-आजम भगत सिंह का एक पोस्टर भी लगा है। बताया जा रहा है कि भगत सिंह की जयंती की पूर्व संध्या पर एक संगठन की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस वायरल वीडियो में एक छात्र यह कह रहा है कि पूरे भारत में आजादी, आरएसएस सुन ले, आजादी, बीजेपी सुन ले, आजादी, हम लेके रहेंगे आजादी। जबकि, दूसरा छात्र डफली बजा रहा है।
वायरल वीडियो की जानकारी होने के बाद विद्यार्थी परिषद ने इस पर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दूसरी तरफ बताया जा रहा है कि जिस संगठन ने यह आयोजन विवि परिसर में किया है, उसकी जानकारी विवि प्रशासन को नहीं दी गई थी। ऐसे में सवाल यह भी है कि बिना परमिशन के संगठन ने कार्यक्रम कैसे कर लिया? इसकी जानकारी विवि प्रशासन को नहीं हो सकी। इन सबके बीच खुफिया एजेंसियों को भी इसकी जानकारी नहीं हो पाई। अब वायरल वीडियो के बाद पुलिस प्रशासन भी मामले में तहरीर का इंतजार कर रहा है। जबकि, वीडियो में साफ-साफ बीजेपी और आरएसएस से आजादी की बात कही जा रही है।
-
कोट
परिसर में इस तरह के किसी भी कार्यक्रम की अनुमति नहीं है। संज्ञान में यह बात सामने आई है। मामले की पड़ताल कराई जा रही है। दोषी छात्र के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामले में गार्डों से पूछताछ की जाएगी कि मामले की जानकारी तत्काल क्यों नहीं दी गई।
पूनम टंडन, कुलपति, डीडीयू
कोट
मामले की जानकारी विवि प्रशासन को दे दी गई है। विवि की तरफ से अगर कोई शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
-योगेंद्र सिंह, सीओ कैंट