नौ टन नकली पाइप और डाई बरामद, जिंदल स्टेनलेस लिमिटेड कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर ने की जांच
संचालक प्रवीण सिंह की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू, डुप्लीकेट पाइप और अन्य सामग्रियां जब्त
गीडा (गोरखपुर)। गीडा सेक्टर-15 में जिंदल कंपनी के नाम से नकली स्टील पाइप बनाने वाली फैक्टरी पकड़ी गई है। फैक्टरी के परिसर से नौ टन नकली पाइप, जिंदल कंपनी की मुहर व पांच डुप्लीकेट डाई को बरामद किया गया है। सूचना पर जिंदल कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर ने इसकी जांच की। उनकी तहरीर पर संचालक प्रवीण सिंह पर केस दर्ज कर पुलिस ने डुप्लीकेट पाइप व अन्य सामग्रियों को जब्त कर लिया।
पुलिस को दी गई तहरीर में जिंदल स्टेनलेस स्टील लिमिटेड कंपनी हिसार (हरियाणा) में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत सुमन मंडल ने बताया कि सूचना मिली कि गीडा सेक्टर-15 में कंपनी के नाम पर नकली सामान बेचा जा रहा है। असिस्टेंट मैनेजर ने गीडा पुलिस से संपर्क किया। पुलिस की मदद से रविवार दोपहर में कंपनी पहुंच कर जांच की तो वहां भारी मात्रा में डुप्लीकेट पाइप मिली। मौके से कंपनी की मुहर भी मिली।
असिस्टेंट मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने गीडा सेक्टर-15 के एमपी स्टील वाला कंपनी के संचालक प्रवीण सिंह के खिलाफ केस दर्ज करते हुए नौ टन डुप्लीकेट पाइप, कई मुहर व कंपनी की नाम की पांच डुप्लीकेट डाई को बरामद कर लिया। पुलिस संचालक प्रवीण सिंह की तलाश में जुटी है।
एसओ विजय कुमार सिंह ने बताया कि कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर की तहरीर पर जांच की गई तो डुप्लीकेट पाइप और अन्य सामान बरामद हुए। इसे जब्त कर संचालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए संचालक की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी में जुटी हुई है।