गोरखपुर। गुजरात का जयेश रावजी सेजपाल बेहद शातिर है। फाइव स्टार होटलों में चोरी से पहले वह शादी वाले परिवार में घुलमिल कर पहले उनका भरोसा हासिल कर लेता था। अच्छे पहनावे और व्यवहार से लोग उसपर शक भी नहीं करते थे। इसी दौरान वह आराम से चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाता था।
गोरखपुर में तारामंडल के होटल मैरिएट कोर्टयार्ड में 16 नवंबर को व्यापारी अनूप बंका के भतीजे का एक ही दिन तिलक और शादी समारोह था। जयेश भी शाम छह बजे इसमें शामिल हुआ। पहले अनूप बंका को प्रणाम किया, वे भी मुस्करा कर उससे मिले। इसके बाद महिला संगीत में शामिल होकर वह सबको नमस्ते-प्रणाम करके घुलमिल गया।
इसके बाद जब पूरा परिवार बरात लेकर गोरखपुर क्लब के लिए निकला, तब वह होटल में बुक अनूप बंका के कमरे में गया। वहां कमरा लॉक था। होटल के इंटरकाम से रिसेप्शन पर कॉल कर बोला कि वह अनूप बंका बोल रहे हैं, रूम की चाबी खो गई है। इसके बाद मास्टर चाबी से दरवाजा खुलवाकर हीरे और सोने के आभूषण के साथ रुपये चोरी कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, जयेश जहां भी चोरी करता है, वहां पहले होटल में रेकी करता है। जो मालदार पार्टी दिखती है, नमस्ते-प्रणाम कर उनके करीब आ जाता था।
इंटरनेट पर सर्च कर आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना में रामगढ़ताल थाना पुलिस ने ओपन सोर्स इंटेलिजेंस यानी इंटरनेट के माध्यम से सर्च कर आरोपी तक पहुंची। इंटरनेट पर सर्च करने पर पता चला कि हरियाणा के करनाल में इसी तरह की चोरी एक होटल में हुई है। यहां की पुलिस ने संपर्क किया तो हरियाणा पुलिस ने सारी जानकारी और आरोपी का फोटो उपलब्ध कराया। रामगढ़ताल इलाके के होटल के सीसीटीवी कैमरे में मिले संदिग्ध के फोटो जब मिलान किए गए तो उसकी पहचान जयेश के रूप में हो गई। इसके बाद हरियाणा पुलिस की मदद से आरोपी को पुलिस ट्रैक करती रही, तब जाकर कामयाबी मिली। इसमें रामगढ़ताल थाना प्रभारी चितवन कुमार और एसओजी की अहम भूमिका रही। एसएसपी ने टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की।
चोरी की आदत से परेशान पत्नी-बच्चों ने तोड़ दिया था रिश्ता
जयेश के माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। उसकी चोरी की आदत से परेशान होकर पत्नी और बच्चों ने रिश्ता तोड़ लिया। इसके बाद वह अकेले रहते हुए ऐश और सट्टेबाजी के शौक को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगा। जयेश हाईस्कूल पास है।
फाइव स्टार में चोरी करने पर मिलती थी अधिक रकम
जयेश ने पुलिस को बताया कि वह फाइव स्टार होटल में ही चोरी इसलिए करता है कि वहां ज्यादा रकम मिल जाती है। जयेश ने बताया कि ताज होटल में जब पहली बार लैपटाप चोरी की थी, तब 50 हजार रुपये मिले थे। गूगल पर सर्च कर फाइव स्टार होटलों की जानकारी जुटाता था। इसमें गोरखपुर के होटल का भी नाम सामने आया। यहां आकर काली मंदिर के पास एक होटल में रुका। गूगल मैप की मदद से रामगढ़ताल क्षेत्र में फाइव स्टार होटल पहुंचा।
जब दूल्हे के चाचा से लिया लिफ्ट...
पुलिस ने बताया कि एक जगह पर चोरी के बाद पुलिस ने कॉल किया तो जयेश ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। थोड़ी देर बाद चोरी के सामान को एक जगह रखकर पुलिस को फोन कर दिया था। इसी तरह एक होटल में शादी में चोरी के बाद वह भागते समय दूल्हे के चाचा से लिफ्ट लिया था। बाद में जब सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो चाचा को दोषी मानकर पुलिस पकड़ ले गई। दो साल बाद पकड़े जाने के बाद पुलिस ने पूछा कि दूल्हे के चाचा को कितने रुपये दिए थे, तब उसने बताया कि वह उन्हें जानता ही नहीं है, रास्ते में उनसे लिफ्ट ली थी। दो साल तक ताना झेलने के बाद दूल्हे के चाचा चोरी के आरोप से बरी हुए थे।
पिछले पांच वर्ष में इन जेलों में रहा आरोपी
वर्ष 2023: मुंबई में लैपटॉप चोरी में तीन माह जेल में रहा।
वर्ष 2003: बंगलूर में होटल में चोरी मामले में तीन माह जेल में रहा।
वर्ष 2004: चेन्नई होटल में चोरी के मामले में नौ माह तक जेल में रहा।
वर्ष 2007: आगरा होटल में चोरी के मामले में साढ़े चार साल जेल में रहा।
वर्ष 2017: हैदराबाद होटल में चोरी के मामले में छह-सात माह जेल में रहा।
वर्ष 2021: जयपुर में होटल में चोरी के मामले में जेल काटी।
वर्ष 2023: गुवाहाटी के करनाल में होटल में चोरी के मामले में जेल काटी।
इन होटलों में भी कर चुका है चोरी
गुजरात के जयेश रावजी ने 2000 से लगाए 2023 तक मुंबई होटल ताज में दो बार, चेन्नई में मरीना बीच स्थान पर स्थित होटल, बंगलुरू के गोडिया में फाइव स्टार, आगरा के ताजगंज एरिया में फाइव स्टार होटल, जयपुर के होटल पार्क प्राइम सी स्कीम, कोयंबटूर के होटल पार्क, जोधपुर के होटल चंद्रा इन, हैदराबाद के होटल मरक्यूरी, हैदराबाद के फाइव स्टार होटल, जयपुर के होटल हिलटन सोडाला, पंजाब के जालंधर के फाइव स्टार होटल, चंडीगढ़, केरल के होटल रमाडा, रायपुर, कोलकाता के नोवटल होटल, लखनऊ के होटल कंटरी इन लखनऊ, हैदराबाद के होटल पार्क हयात, उदयपुर के होटल ट्राईडेट, जयपुर होटल आमेर क्लाकर्स, गुवाहटी घाटी के किरण श्रीग्रांड, नागपुर के होटल मैराडिन, करनाल के होटल नूर महल में चोरी की घटना को अंजाम दिया है।