फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, स्पोर्ट्स सेंटर से तैयार होगा खेल का माहौल

विज्ञापन
विज्ञापन
सीएम योगी ने भाटी विहार कॉलोनी में बने मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण समारोह में बताईं खेल की उपयोगिता
विज्ञापन

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर में खेल का नया माहौल तैयार हो रहा है। राज्य सरकार गोरखपुर में एक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाने जा रही है। सहजनवां में एक मिनी स्टेडियम का निर्माण चल रहा है। इसके अलावा कुछ माह में राप्तीनगर क्षेत्र में 33 एकड़ में एक बड़ा स्पोर्ट्स सेंटर भी बनना शुरू हो जाएगा। भाटी विहार के मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का संचालन पीपीपी मोड पर कराया जाएगा। यहां खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं प्राप्त होंगी।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को महानगर के भाटी विहार कॉलोनी में बने मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ने कहा कि प्रदेश सरकार ओलंपिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ गेम्स, वर्ल्ड चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी देती है। उन्होंने बताया कि 2022 के टोक्यो ओलंपिक में पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी ललित उपाध्याय को सीधे डिप्टी एसपी बनाया गया है। इस बार की ओलंपिक पदक विजेता हॉकी टीम के खिलाड़ी राजकुमार पाल को भी सरकार डिप्टी एसपी बनाने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को यूपी पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में नौकरी दी जा चुकी है।
विज्ञापन


-
खिलाड़ियों पर धनवर्षा करती है सरकार

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ओलंपिक की एकल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ी को 6 करोड़, सिल्वर मेडल जीतने वाले को 4 करोड़ तथा ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले को 2 करोड़ रुपये की धनराशि देती है। टीम स्पर्धा में यह राशि क्रमश: 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ रुपये होती है। एशियाड, कामनवेल्थ गेम्स, वर्ल्ड चैंपियनशिप के पदक विजेता को भी नकद पुरस्कार दिए जाते हैं। साथ ही इन स्पर्धाओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
-
मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर खुश हुए सीएम

मुख्यमंत्री ने बाबा राघव दास के नाम पर बने मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कॉम्प्लेक्स में इंडोर गेम्स के लिए जिम, एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक, बैडमिंटन कोर्ट, राइफल व पिस्टल शूटिंग रेंज, मल्टीपरपज हाल आउटडोर गेम्स के लिए 300 मीटर का सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, लॉन टेनिस कोर्ट आदि जायजा लिया। शूटिंग रेंज की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि अब शूटिंग के खिलाड़ियों को कौशल निखारने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। लोकार्पण समारोह को मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। कमिश्नर अनिल ढींगरा और जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया।

इस अवसर पर एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, सरवन निषाद, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, दुर्गेश बजाज आदि मौजूद रहे।
-

खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट वितरित किए सीएम योगी ने

मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट वितरित किए। मुख्यमंत्री के हाथों स्पोर्ट्स किट प्राप्त करने वालों में शगुन, उत्कर्ष श्रीवास्तव, अनिका गौतम, परी गुप्ता, हर्षित बंसल, अंशुमन मल्ल, अजहर अली, रिया त्रिपाठी, मालविका द्विवेदी और आकांक्षा पांडेय शामिल रहीं।
विज्ञापन



सीएम योगी का सटीक निशाना, पहली ही बार ‘बुल्स आई’
गोरखपुर के भाटी विहार कॉलोनी में नवनिर्मित मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके शूटिंग रेंज में राइफल से लक्ष्य पर निशाना भी साधा। उनकी सटीक निशानेबाजी देख साथ में मौजूद लोग हतप्रभ रह गए। मुख्यमंत्री ने पहली ही बार में ‘बुल्स आई’ टारगेट कर दिया, यानी सौ फीसदी सटीक लक्ष्य पर ही निशाना।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें