गोरखपुर के सहजनवां में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना ने मानवता को झकझोर दिया। नगर पंचायत के वार्ड एक में झोले में रखकर नवजात शिशु को झाड़ी में फेंक दिया गया। सुबह करीब सात बजे राहगीरों ने झाड़ी से बच्चे के रोने की आवाज सुनी। जब लोग पास पहुंचे तो झोले में नवजात शिशु मिला, जिसका मुंह कपड़े से बंधा था। तत्काल इसकी सूचना सहजनवां पुलिस को दी गई।
शनिवार सुबह सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एक महिला की मदद से नवजात को झोले से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने तत्काल नवजात को सीएचसी सहजनवां पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर प्राथमिक उपचार किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. व्यास कुशवाहा ने बताया कि बच्चे की हालत स्थिर है।
उपचार के बाद नवजात को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीम को सुपुर्द कर दिया गया है। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। नगरवासी इस क्रूर कृत्य की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।