20 अक्तूबर तक करें आवेदन, नवंबर में होगी परीक्षा
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति लखनऊ की ओर से हज यात्रियों के प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षकों की चयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक उम्मीदवार 20 अक्तूबर तक www.hajcommittee.gov.in वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) के माध्यम से प्रशिक्षकों का चयन किया जाएगा।
अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार मौर्या ने बताया कि हज समिति की ओर से कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 08 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का साक्षात्कार नवंबर के अंतिम सप्ताह में लिया जाएगा। आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे, ऑफलाइन मान्य नहीं होंगे।
प्रशिक्षक चयन के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट (12वीं पास) रखी गई है। स्नातक या कंप्यूटर ज्ञान रखने वाले उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी। चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। कंप्यूटर परीक्षा 100 अंकों की होगी और साक्षात्कार 20 अंकों का होगा।
पुरुष और महिला उम्मीदवारों का चयन हज यात्रियों की संख्या के अनुपात में किया जाएगा। आवेदक का मानसिक व शारीरिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है। प्रशिक्षण का कार्य हज यात्रियों को हज की प्रक्रिया, स्वास्थ्य, यात्रा संबंधी जानकारी और अनुशासन से परिचित कराना होगा। पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी अंग्रेजी, उर्दू या हिंदी में स्थानीय भाषा बोलने वाले प्रशिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी।