गोरखपुर विश्वविद्यालय प्रशासन ने लिया निर्णय , डीडीयू के कई विद्यार्थी भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना, सीआरपीएफ और बीएसएफ में दे रहे सेवाएं
गोरखपुर। भारत-पाक संघर्ष के दौरान राष्ट्र की सेवा कर रहे उन जवानों के लिए राहत की खबर है, जो डीडीयू में अध्ययनरत हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऐसे विद्यार्थियों के लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने का फैसला लिया है। कुलपति प्रो. पूनम टंडन के मार्गदर्शन में यह निर्णय लिया गया है, ताकि देश की सेवा कर रहे विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि हमारे वीर सैनिक देश की रक्षा में तैनात हैं। ऐसे कठिन समय में हमारा नैतिक एवं शैक्षणिक दायित्व बनता है कि हम उनके साथ खड़े रहें और उनकी शिक्षा की निरंतरता प्रभावित नहीं होने दें। डीडीयूजीयू अपने वर्दीधारी विद्यार्थियों की शिक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के कई विद्यार्थी वर्तमान में भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और अन्य संस्थाओं में सक्रिय रूप से सेवा दे रहे हैं। अपनी ड्यूटी की वजह से ये विद्यार्थी नियमित परीक्षाओं में सम्मिलित नहीं हो सकते। इसलिए उनके लिए विशेष परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जो उनकी उपलब्धता के अनुसार समयबद्ध होंगी।
कुलपति ने कहा कि विशेष परीक्षाओं की तिथि एवं अन्य विवरण जल्द ही परीक्षा नियंत्रक की ओर से घोषित किए जाएंगे। पात्र विद्यार्थी अपने विभागों के संपर्क में रहें और विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://ddugu.ac.in पर नवीनतम जानकारी प्राप्त करते रहें।