रेलवे बोर्ड ने गोरखपुर-पटना वंदेभारत के शेड्यूल में किया बदलाव
20 जून को पटना में प्रधानमंत्री मोदी दिखा सकते हैं हरी झंडी
गोरखपुर। गोरखपुर से पटना के बीच चलने वाली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदेभारत एक्सप्रेस के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। 20 जून को उद्घाटन के दिन वंदेभारत पटना स्टेशन से चलाई जाएगी, लेकिन इसके बाद यह पटना की जगह पाटलिपुत्र स्टेशन से चलेगी।
उद्घाटन के दिन 20 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना में ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं। इस दिन ट्रेन सिर्फ पटना से गोरखपुर आएगी, वापसी में नहीं जाएगी। रेलवे बोर्ड को भेजे गए प्रस्ताव के मुताबिक, ट्रेन नियमित रूप से गोरखपुर से सुबह 6:30 बजे चलेगी और पाटलिपुत्र 1:30 बजे पहुुंचेगी।
वापसी में पाटलिपुत्र से 2:25 बजे चलेगी और गोरखपुर 9:35 बजे पहुंचेगी। ट्रेन के पांच स्टॉपेज कप्तानगंज, नरकटियागंज, बेतिया, मोतिहारी और मुजफ्फरपुर में होंगे। ट्रेन को चलाने, स्टॉपेज और उद्घाटन के समय का विस्तृत ब्योरा सोमवार को आने की उम्मीद है।
ईसीआर के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि 20 जून को उद्घाटन के दिन पटना से वंदेभारत चलाई जाएगी। इसके बाद यह ट्रेन नियमित रूप से पाटलिपुत्र से चलाई जाएगी। इसे लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
-
जल्द शुरू होगी बुकिंग
वंदेभारत ट्रेन में सफर करने के लिए टिकट की बुकिंग जल्द शुरू होगी। रेलवे के जानकारों के मुताबिक, ट्रेन का शेड्यूल तय होने के बाद इसे क्रिस के सर्वर में फीड किया जाएगा। दो से तीन दिन में यह प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
-
सप्ताह में छह दिन चलेगी वंदेभारत
गोरखपुर से पाटलिपुत्र तक वंदेभारत सप्ताह में छह दिन चलाई जाएगी। शनिवार को यह ट्रेन वर्कशॉप में मेंटेनेंस के लिए जाएगी। इसका मेंटेनेंस गोरखपुर वर्कशॉप में ही होगा। ट्रेन में आठ कोच लगाए जाएंगे। इसमें एक एक्जीक्यूटिव और सात चेयरकार श्रेणी के कोच होंगे। अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि आठ कोच वाली रेक लखनऊ-देहरादून वाली लगेगी या फिर गोरखपुर-प्रयागराज तक जा रही आठ कोच वाली ट्रेन को ही चलाया जाएगा।