गीता प्रेस के प्रतिनिधियों ने आठ सितंबर को दिल्ली में गृहमंत्री से की मुलाकत
हरिद्वार में अगले वर्ष 20 से 22 जनवरी को होगा आयोजन
गोरखपुर। गीता प्रेस की कल्याण पत्रिका के सौ वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसका 100वां विशेषांक जनवरी में प्रकाशित होगा। यह अभी तक प्रकाशित किए गए सभी कल्याण पत्रिकाओं का संग्रह होगा। इसका विमोचन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। वह शताब्दी वर्ष समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड के ऋषिकेश में 2026 में 20 से 22 जनवरी को होगा।
कल्याण के शताब्दी वर्ष समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का आमंत्रण देने के लिए गीता प्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने गृहमंत्री अमित शाह से दिल्ली में बीते आठ सितंबर को मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, गृहमंत्री ने शामिल होने की सहमति दी। तीन दिन के कार्यक्रम में वह किसी एक दिन आ सकते हैं। इसकी सूचना मंत्रालय से बाद में आएगी। उनके हाथों शताब्दी वर्ष अंक का विमोचन कराया जाएगा।
गीता प्रेस के प्रबंधक डॉ. लालमणि तिवारी ने बताया कि गृहमंत्री से गीता प्रेस के विस्तार पर चर्चा भी हुई। चर्चा के दौरान उन्होंने गीता प्रेस को अहमदाबाद व गांधीनगर के बीच में जमीन उपलब्ध कराने बात कही।
उन्होंने उपनिषदों के फार्मेट बदलने, हिंदी भावार्थ को और सरल करने का सुझाव भी दिया। इस अवसर पर उन्हें कल्याण विशेषांक ''''पर्यावरण अंक'''', गुजराती भाषा में चित्रमय गीता, वराह पुराण व वामन पुराण पुस्तकें भेंट की गईं। प्रतिनिधिमंडल में ट्रस्टी देवीदयाल अग्रवाल, नीलरतन चांदगोठिया, नारायण प्रसाद अजितसरिया, ट्रस्ट बोर्ड के सदस्य अजय प्रकाश अग्रवाल, प्रबंधक डॉ. लालमणि तिवारी व शिवाजी शामिल रहे।