जेएसआर गार्डन में आग लगने का मामला, फॉल सीलिंग के जरिये दूसरी दुकानें भी चपेट में आईं
दुकानों में थर्माकोल की अधिक मात्रा होने से आग तेजी से फैली
गोरखपुर। जेएसआर गार्डन की दुकानों में बृहस्पतिवार दोपहर कोई मोमोज तो कोई आइसक्रीम खा रहा था। बताया जा रहा है कि करीब 200 ग्राहक थे। जैसे ही आग लगी, वहां अफरा-तफरी मच गई। ग्राहकों के साथ दुकान के कर्मचारी भी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। हालांकि गनीमत रही कि कोई गिरा नहीं वरना गंभीर हादसा हो सकता था। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल हो गया था। इधर, दुकानदारों के अनुसार लाखों रुपये का माल जल गया।
गर्मी की छुट्टियों में बड़ी संख्या में लोग रोजाना नौका विहार पहुंच रहे हैं। चटपट स्वाद के शौकीन जेएसआर गार्डन पहुंचते हैं। बृहस्पतिवार को दोपहर में भीषण गर्मी के बावजूद 200 से ज्यादा ग्राहक जेएसआर गार्डन में थे। इसी दौरान नैनीताल मोमोज के किचन में दोपहर 2:20 अचानक शॉर्ट सर्किट हुई। एग्जॉस्ट फैन से धुंआ और चिंगारी निकली, जो आग में तब्दील हो गई। तेल और गैस सिलिंडरों के कारण आग तेजी से फैली। कर्मचारियों ने शुरू में आग बुझाने की कोशिश की लेकिन असफल रहे। कुछ ही मिनटों में लपटें आस-पास के कैफे डियोना, खानदान, बास्किन रॉबिन्स और डोसा लैंड रेस्टोरेंट तक पहुंच गई। फॉल सीलिंग के जरिये दूसरी दुकानें चपेट में आईं। दुकानों में थर्माकोल की अधिक मात्रा होने की वजह से आग तेजी से फैली। यह देख मौजूद लोग जान बचाने के लिए बाहर भागे। कुछ लोग बाहर निकलकर वीडियो बनाने लगे।
हादसे के दौरान मौजूद अखिलेश सिंह ने बताया कि मोमोज खाने पहुंचे थे। अभी ऑर्डर दिया था कि आग लग गई और भागना पड़ा। नवनीत सिंह ने कहा कि गर्मी के कारण आग तेजी से फैल रही थी। गनीमत रही कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी मिलते ही सदर सांसद रवि किशन शुक्ला, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन, एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एसडीएम सदर रोहित मौर्या, सदर तहसीलदार ज्ञान प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। सांसद ने अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। गनीमत रही कि समय रहते दमकल और पुलिस टीम सक्रिय हो गई। पूरे मामले की जांच कराएंगे कि आग किन कारणों से आग लगी और क्या लापरवाही हुई।
हादसे के बाद सन्नाटा
रोजाना सैकड़ों लोग नौका विहार घूमने आते हैं। इनमें गोरखपुर के अलावा दूसरे जिलों के लोग भी शामिल होते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर आग लगने के हादसे के बाद पूरे इलाके सन्नाटा छा गया। हादसे के दौरान लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाया। वहीं कुछ लोग बच्चों को लेकर बाहर भागते नजर आए। रेस्टोरेंट की छतों से धुआं उठता देख फायर ब्रिगेड को पानी की बौछारें कई दिशाओं से चलानीं पड़ीं। एसडीएम सदर रोहित मौर्या ने बताया कि पांच दुकानें जलीं हैं। लेखपाल और कानूनगो नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
जेएसआर गार्डेन में हैं 20 दुकानें
रामगढ़ताल क्षेत्र में सर्किट हाउस के पास जेएसआर गार्डेन में वेंडिंग जोन (20 कियोस्क), पार्किंग, वाॅटर बॉडी के विकास के साथ हर्बल पार्क विकसित करने का कार्य जीडीए ने मेसर्स पीवीएस इंटरप्राइजेज को लाइसेंस मॉडल पर दिया है। फर्म ने लगभग 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में 20 कियास्क का निर्माण किया है। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि साइट से संलग्न प्राधिकरण ने पहले से ही पानी की लाइन बिछाई हैं जिससे स्थल पर पानी की उपलब्धता रहती है। घटना में पांच कियास्क जल गए। वहीं, 15 को बचा लिया गया। निरीक्षण के दौरान सचिव पुष्पराज सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह आदि मौजूद रहे।