राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने की बैठक, दिए जरूरी निर्देश
गोरखपुर। प्रदेश के राज्य मंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज) दानिश आजाद अंसारी ने शनिवार को सर्किट हाउस में जनपद के अनुदानित मदरसों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक की। इसमें मदरसों में गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।
मंत्री ने बताया कि शासन की मंशा है कि मदरसों में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को मदरसा शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के पाठ्यक्रम के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण आधुनिक विषयों की शिक्षा दी जाए। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी एवं मिशन शक्ति के तहत हुए जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना की।
बैठक में मदरसा दारुल उलूम हुसैनिया दीवान बाजार के प्रधानाचार्य ने आधुनिक विषयों के शिक्षकों को मदरसों में रखने की मांग की। वहीं मदरसा अंजुमन इस्लामिया खूनीपुर के प्रतिनिधियों ने भी शिक्षकों की तत्काल नियुक्ति के लिए सुझाव दिया।
राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मदरसों में शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और बच्चों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस अवसर पर राज्य हज समिति के सदस्य जुनेद अहमद अंसारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार मौर्य आदि मौजूद रहे।