रुपये के लेन-देन के आरोपों के बीच ग्रामीणों और पुलिस में कहासुनी
प्रभारी निरीक्षक ने रिश्वत और मारपीट से किया इन्कार, एसपी दक्षिणी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
बड़हलगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव में पारिवारिक विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम और ग्रामीणों के बीच कहासुनी का मामला सामने आया है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। आरोप है कि रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ा और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई, जिसमें एक दारोगा की वर्दी फट गई। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने रिश्वत मांगने और मारपीट की बात से इन्कार किया है।
चर्चा है कि गांव में एक पारिवारिक विवाद की शिकायत मिलने पर जांच की जिम्मेदारी थाने के एक दरोगा को सौंपी गई थी। इसी दौरान एक बिचौलिया समझौते के प्रयास में सक्रिय हुआ और 10 हजार रुपये में मामला निपटाने की बात तय हुई। आरोप है कि पीड़ित पक्ष ने तय रकम बिचौलिये को दे दी लेकिन वह राशि संबंधित दरोगा तक नहीं पहुंची।
बताया जा रहा है कि इसकी जानकारी होने पर दरोगा अपने एक सहयोगी के साथ गांव पहुंचे। रुपये को लेकर बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। इसी बीच कुछ युवक मोबाइल से वीडियो बनाने लगे, जिस पर आपत्ति जताई गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की होने लगी। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि इस दौरान दारोगा की वर्दी फट गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया।
उल्लेखनीय है कि तीन दिन पूर्व ही एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बड़हलगंज थाने के निरीक्षण के दौरान एक दारोगा को घूस के आरोप में फटकार लगाई थी और दोबारा शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी। ऐसे में यह नया विवाद फिर चर्चा का विषय बन गया है।
प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय ने बताया कि गांव में युवकों के बीच पढ़ाई-लिखाई को लेकर विवाद था, उसी संबंध में पुलिस गई थी। वीडियो बनाने को लेकर कहासुनी हुई लेकिन मारपीट नहीं हुई। वहीं एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।