शाहपुर इलाके का मामला, पीड़ित छात्र ने पुलिस से की शिकायत
पादरी बाजार। शाहपुर इलाके के विष्णु मंदिर स्थित इंटर कॉलेज में कक्षा 9 के छात्र से परीक्षा में मात्रा की गलती होने पर अध्यापक ने पिटाई कर दी। इससे छात्र के कान पर चोट आई है। पीड़ित छात्र ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, छात्र सोमवार को विज्ञान की परीक्षा देने गया था। परीक्षा पूरी करने के बाद उसने कॉपी के अंतिम पेज पर सर मुझे पास कर दीजिए लिखने की कोशिश की, लेकिन गलती से “स” पर “आ” की मात्रा लगा दी। अध्यापक ने कॉपी चेक करते समय अंतिम पेज देखा और गुस्से में छात्र को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। घटना के बाद छात्र घर पहुंचा और परिजनों को अपनी चोटों के बारे में बताया। अभिभावक मंगलवार को स्कूल पहुंचे और शिकायत की, लेकिन आरोप है कि शिक्षक ने उल्टा छात्रों के परिजनों के साथ बदसलूकी की। इसके बाद छात्र के परिजन थाने पहुंचकर शिकायती पत्र दिया है। थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो