बैंक में बंधक जमीन को बेचने के नाम पर लिया था एडवांस, विरोध पर धमकी देने का आरोप
गोरखपुर। तिवारीपुर पुलिस ने जमीन बेचने के नाम पर सूरजकुंड के सिधारीपुर के विश्वजीत सिंह से 1.99 लाख की ठगी के आरोपी मोहल्ले के ही रहने वाले चंदन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उसने बैंक में गिरवी अपने रिश्तेदार की जमीन को बेचने का झांसा देकर एडवांस रकम लेकर धोखाधड़ी की थी। विरोध करने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी थी।
सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने बताया कि विश्वजीत सिंह को मोहल्ले के रहने वाले चंदन सिंह ने जमीन दिलाने की बात कही थी। इसपर चंदन ने अपने रिश्तेदार बांसगांव के भुसवल गांव के सुभाष चंद्र बोस कॉलोनी निवासी बृज बिहारी की जमीन खरीदवाने की बात कही। जमीन देखने के बाद सौदा तय हुआ और एडवांस के तौर पर रकम मांगी गई।
आरोप है कि चंदन सिंह के कहने पर विश्वजीत ने पिछले साल 17 जुलाई को उसके रिश्तेदार के खाते में 1.99 लाख रुपये भेज दिए। शेष रकम बैनामा के दौरान देने की बात कही गई। इसके बाद से आरोपी टालमटोल करने लगे। जानकारी करने पर पता चला कि इस जमीन पर पहले से लोन है और जमीन बैंक में बंधक है।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपनी जमा की गई रकम वापस मांगी तो आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर उनसे गाली-गलौज कर धमकी देना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तिवारीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने सोमवार को चंदन को गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।