30 नवंबर से चार दिसंबर तक वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में होगा आयोजन
देशभर के 800 से अधिक पहलवान प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभाग
गोरखपुर। 69वीं माध्यमिक विद्यालयीय राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता (ग्रीको रोमन शैली) 30 नवंबर से चार दिसंबर तक वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित होगी। शुक्रवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक की अध्यक्षता में राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में इसे लेकर बैठक हुई। प्रतियोगिता को सकुशल संपन्न कराने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर प्रभार और दायित्व दिया गया।
बैठक में हेल्प डेस्क समिति, आवास समिति, कंट्रोल रूम भोजन व्यवस्था समिति, जलपान व्यवस्था समिति, बैनर सजा होर्डिंग समिति, मंच संचालन समिति, चिकित्सा सुरक्षा समिति, मीडिया प्रबंधन और फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी समिति, पुरस्कार व्यवस्था वितरण समिति, अभिलेख प्रभाग समिति और मार्च पास्ट समिति का गठन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-17 और 19 बालक वर्ग कुश्ती ग्रीको रोमन शैली में कराई जाएगी। देश के 28 राज्यों और 12 यूनिट के लगभग 800 से ज्यादा पहलवान प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
बैठक में संयुक्त शिक्षा निदेशक सतीश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अमरकांत सिंह, श्रवण गुप्ता, अजीत सिंह, राजेश गुप्ता, अभिषेक पांडेय, नरेंद्र सिंह, डॉ. विश्व प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।