सरदारनगर। सरैया चीनी मिल में तीन करोड़ रुपये के सामान की चोरी का मामला सामने आया है। श्रमिक नेता बनारसी सिंह ने मिल के आईआरपी श्रवण कुमार विश्नोई, डीएम और एसडीएम समेत अन्य लोगों को पत्र भेजकर मामले की जांच कराने की मांग की है। एसडीएम प्रशांत वर्मा ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।
अधिकारियों को दिए पत्र में श्रमिक नेता ने लिखा है कि सरैया चीनी मिल (ए यूनिट ऑफ सरैया इंडस्ट्रीज) की देखरेख के लिए कोर्ट की ओर से श्रवण कुमार विश्नोई को नियुक्त किया गया है। यह भी आदेश है कि सामान को सुरक्षित रखा जाए। बैंक, कर्मचारी और किसानों का बकाया लगभग 120 करोड़ रुपये है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही परिवार के लोगों को सरैया चीनी मिल की सुरक्षा की जिम्मेदारी दे दी गई है। कहा कि लगभग तीन करोड़ रुपये के पीतल, तांबा और अन्य सामान की चोरी हो गई है। सक्षम अधिकारी की ओर से निरीक्षण व जांच कराया जाना आवश्यक है। चोरी होने से श्रमिक, किसान व अन्य बैंक की देनदारी प्रभावित होगी।
वर्जन
श्रमिक नेता का आरोप निराधार है। चोरी की कोई सूचना नहीं है। आरोप की जांच कराई जाएगी। मिल परिसर में सिर्फ सुरक्षा गार्ड ही जाते हैं। कोई बाहरी नहीं जाता है।
-श्रवण कुमार विश्नोई, आईआरपी, सरैया इंडस्ट्रीज