मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर स्कीम के तहत सड़कें बनेंगी आधुनिक
डक्ट तैयार कर भविष्य में केबल शिफ्टिंग की है योजना
बिजली विभाग ने 40 करोड़ मांगे, खर्च और आपूर्ति बाधित होने के कारण निगम ने फिलहाल टाला प्रस्ताव
छात्रसंघ चौराहे से शास्त्री चौक तक सड़क चौड़ीकरण, फुटपाथ, पार्किंग और ग्रीन बेल्ट की व्यवस्था
गोरखपुर। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (अर्बन) फेज-2 के तहत गोलघर और आसपास की सड़कों को स्मार्ट बनाने की कवायद तेज हो गई है। हालांकि, खर्च ज्यादा आने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका को देख बिजली के केबल को अंडरग्राउंड करने का प्रस्ताव फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। कार्यदायी एजेंसी ने छात्रसंघ चौराहे से शास्त्री चौक तक सड़क की मार्किंग शुरू कर दी है।
प्रस्ताव के मुताबिक, इस मार्ग की चौड़ाई औसतन 18 से 24 मीटर होगी। छात्रसंघ चौराहा से आंबेडकर चौक तक सड़क 24 मीटर चौड़ी रहेगी, जबकि आंबेडकर चौक से शास्त्री चौक के बीच यह चौड़ाई 17 से 18 मीटर तय की गई है। सड़क विस्तार के लिए सेंट एंड्रयूज कॉलेज की बाउंड्री, सहकारी बैंक की दीवार और नगर निगम की कुछ दुकानें हटाई जाएंगी, जबकि प्रेस क्लब की इमारत प्रभावित नहीं होगी। परियोजना के तहत नालों के ऊपर फुटपाथ बनाए जाएंगे, जिनमें हर 100 मीटर की दूरी पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्पेस होगा। सड़क किनारे ग्रीन बेल्ट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और एलईडी स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी की जाएगी।
बिजली निगम ने केबल शिफ्टिंग के लिए लगभग 40 करोड़ रुपये की मांग की थी लेकिन अब नगर निगम ने मौजूदा केबल को यथावत रखने का निर्णय लिया है। निगम अब सड़क किनारे डक्ट तैयार करवा रहा है, ताकि भविष्य में बिजली विभाग अपने केबल को उनमें अंडरग्राउंड कर सके।
मुख्य अभियंता अमित कुमार शर्मा ने बताया कि केबल शिफ्ट करने से तीन महीने तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहती। इसलिए फिलहाल इन्हें जस का तस रखा जाएगा। भविष्य में डक्ट के माध्यम से केबल शिफ्टिंग की जाएगी।