बेलीपार। थाना क्षेत्र के एक गांव से एक 22 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में गहने और नकदी के साथ लापता हो गई है। परिजनों ने गांव के ही युवक पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, युवती के भाई ने बताया कि छह अक्तूबर की रात गांव का ही कृष्ण यादव उर्फ छोटू उनके घर की छत पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। शोर मचाने पर आरोपी भाग गया। कुछ देर बाद परिवार के लोग सो गए लेकिन देर रात जब भाई की नींद खुली तो उसने देखा कि बहन कमरे में नहीं थी। अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें रखे मंगलसूत्र, हार, झुमका, पाजेब, मांगटीका, सगाई के लिए रखी दो सोने की अंगूठियां, एक चैन और करीब 50,000 रुपये नकद गायब थे। परिजनों की तलाश के बाद पता चला कि आरोपी युवक भी उसी रात से घर से लापता है और उसका मोबाइल फोन भी बंद है। परिजनों को आशंका है कि कृष्ण यादव ही युवती को भगा ले गया है। थाना प्रभारी विशाल कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।