सीएम आज प्लास्टिक पार्क में तीन यूनिट्स का करेंगे लोकार्पण.. बनेंगी बोतलें, जार और खिलौने
गोरखपुर। गोरक्षनगरी जल्द ही प्लास्टिक पार्क का हब बनने जा रही है। गीडा क्षेत्र में बने यूपी के पहले प्लास्टिक पार्क में बड़े औद्योगिक घरानों ने निवेश के लिए कदम बढ़ाए हैं। अब यहां के प्लास्टिक उत्पादों मसलन, बोतलों, जार और खिलौनों की पहचान देश भर में बनेगी। बृहस्पतिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ के हाथों तीन प्लास्टिक पार्क लोकार्पित होने जा रही हैं।
इनमें देश की प्रमुख प्लास्टिक पैकेजिंग कंपनी टेक्नोप्लास्ट पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल है। भविष्य में यहां प्लास्टिक उत्पादों की कुल 92 यूनिट्स स्थापित होनी हैं। केंद्र सरकार के रसायन एवं पेट्रो-केमिकल्स विभाग ने देश भर में जिन 10 प्लास्टिक पार्कों की स्थापना की मंजूरी दी है, उनमें उत्तर प्रदेश का पहला प्लास्टिक पार्क गीडा क्षेत्र में 88 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया गया है। अब तक 60 यूनिट के लिए जमीनों का आवंटन हो गया है। यहां कई इकाइयों में उत्पादन भी शुरू हो गया है। टेक्नोप्लास्ट पैकेजिंग प्रा. लि. ने 96 करोड़ रुपये के निवेश से 250 लोगों को रोजगार भी दिया है। लोकार्पित होने जा रही दो अन्य कंपनियों ओमफ्लैक्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने 17 करोड़ रुपये और गजानन पाली प्लास्ट ने 7 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
-
640 करोड़ रुपये की निवेश परियोजनाओं का सीएम करेंगे शिलान्यास
गीडा ने सेक्टर-27 में तीन निजी इकाइयों एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड, ग्रीनटेक भारत प्राइवेट लिमिटेड (एसएलएमजी ग्रुप) और कपिला कृषि उद्योग को जमीन आवंटित की है। इन तीनों यूनिट्स के जरिये 640 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इनके धरातल पर उतरने से करीब 1200 लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
-
प्लास्टिक पार्क में बनेगा सीपेट का सेंटर और सीएफसी
गीडा के प्लास्टिक पार्क में केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं तकनीक संस्थान (सीपेट) का स्किल ट्रेनिंग सेंटर और सीएफसी (काॅमन फैसिलिटी सेंटर) की स्थापना होने जा रही है। इसके निर्माण पर 16 करोड़ रुपये की लागत आएगी। सीपेट सेंटर के लिए गीडा ने पांच एकड़ भूमि निशुल्क दी है। इसका शिलान्यास भी सीएम करेंगे। इसके अलावा गीडा में औद्योगिक इकाइयों के अपशिष्ट उपचार के लिए अड़िलापार में 11.15 एकड़ क्षेत्रफल में 93.52 करोड़ रुपये की लागत से सीईटीपी (काॅमन एफ्लूएंट ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित किया जा रहा है। चार एमएलडी क्षमता के इस प्लांट का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री करेंगे।
पेप्सिको के बाद अब कोका कोला...1200 लोगों को रोजगार
मल्टीनेशनल कंपनी पेप्सिको के बाद कोका कोला का बॉटलिंग प्लांट भी गोरखपुर में लगने जा रहा है। यह प्लांट अमृत बॉटलर्स की तरफ से 700 करोड़ रुपये के निवेश से लगाया जाएगा। गीडा के सेक्टर 27 में कोका कोला के बॉटलिंग प्लांट की स्थापना के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस प्रोजेक्ट से करीब 1200 लोगों को प्रत्यक्ष व परोक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है। इसके लिए गीडा प्रबंधन ने अमृत बॉटलर्स 40 एकड़ भूमि का आवंटन किया है। पहले चरण में यहां 700 करोड़ रुपये के निवेश से 3,000 बोतल प्रतिदिन की उत्पादन क्षमता का प्लांट लगाया जाएगा।
-
कुनराघाट में संग्रहालय का शिलान्यास करेंगे सीएम योगी
गोरखा सैनिकों की वीरगाथा को संजोने के लिए कुनराघाट स्थित गोरखा युद्ध स्मारक का सुंदरीकरण कराया जाएगा। साथ ही भव्य संग्रहालय बनवाया जाएगा। इसका शिलान्यास बृहस्पतिवार को सीएम योगी और सीडीएस (चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ) अनिल चौहान करेंगे। बुधवार को कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीआईजी एस चनप्पा, डीएम दीपक मीणा, एसएसपी राजकरण नैय्यर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
सीएम ने किया गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन
बुधवार की देर शाम गोरखनाथ मंदिर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया। ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किया। बृहस्पतिवार को सीएम गोरक्षपीठ से जुड़े रहे महेंद्र प्रताप मिश्रा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए उनके घर जाएंगे।