गोरखपुर। नौकायन एरिया में अवैध वेंडर्स की मनमानी रोकने के लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सोमवार को सख्त कार्रवाई की। अभियान चलाकर जीडीए की टीम ने कई ठेले और आइसक्रीम ट्राईसाइकिल जब्त किया। अवैध वेंडर्स के कारण जीडीए से दुकानें आवंटित कराने वाले व्यापारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा था। ग्राहक सड़कों के किनारे खड़े वेंडर्स से ही खरीदारी कर लेते थे, जिससे दुकानदारों की बिक्री घट रही थी। उन्हें किराया चुकाने में परेशानी हो रही थी। वहीं, अवैध वेंडर्स बिना किसी शुल्क के मुनाफा कमा रहे थे। जीडीए ने पूर्व में कई बार ऐसे वेंडर्स को हटाया और चेतावनी दी, लेकिन टीम के जाते ही वे दोबारा व्यापार शुरू कर देते थे। आवंटियों की बार-बार की गई शिकायत के बाद अब जीडीए ने रोजाना अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अभियान में जीडीए के ओएसडी प्रखर उत्तम, प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह, एसडीएम सुदीप तिवारी, सहायक अभियंता राजबहादुर और प्रवर्तन दल शामिल रहे।