दो एकड़ जमीन पर हुआ था अतिक्रमण, 32 करोड़ रुपये बताई जा रही जमीन की कीमत
जीडीए की टीम ने पुलिस बल के साथ की कार्रवाई
गोरखपुर। जीडीए की टीम ने मंगलवार को चिलुआताल इलाके में राप्तीनगर टाउनशिप और स्पोर्ट्स सिटी योजना के लिए अधिग्रहित दो एकड़ जमीन पर कब्जे को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। साथ ही दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी।
जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के निर्देश पर प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह के नेतृत्व में टीम मानबेला पहुंची। प्रभारी मुख्य अभियंता ने बताया कि प्राधिकरण की अधिग्रहित लगभग दो एकड़ जमीन पर कब्जा मिलने पर उसे बुलडोजर से ध्वस्त कर जमीन को कब्जे में ले लिया गया। खाली कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 32 करोड़ रुपये है। यह जमीन राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप और स्पोर्ट्स सिटी योजना की भूमि का अंश है। उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने कहा कि प्राधिकरण की भूमि पर किए गए अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण के खिलाफ उप्र नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान अधिशासी अभियंता प्रवीण गुप्ता, सहायक अभियंता एके तायल, संजीव तिवारी, ज्योति राय, जिला प्रशासन की ओर से नामित मजिस्ट्रेट, क्षेत्रीय पुलिस बल व पीएसी की टीम मौजूद रही।