दबाव बनाने पर जालसाजों ने थमा दिया फर्जी चेक, शिकायत पर दी जान से मारने की धमकी
पीड़ित ने मामले में सरैया निवासी दो जालसाजों के खिलाफ दर्ज कराया केस
चौरीचौरा। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर वार्ड संख्या 14, चौरीचौरा नगर पंचायत निवासी अलाउद्दीन से पांच लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। नौकरी नहीं मिलने पर जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने फर्जी चेक दे दिया और उलाहना देने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
अलाउद्दीन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वर्ष 2016 में सरैया गांव निवासी अमरजीत मिश्रा और पवन सिंह ने उनके बेटे सलाउद्दीन को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किश्तों में कुल पांच लाख रुपये लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं मिली तो उन्होंने रुपये वापस मांगने की कोशिश की। इसके जवाब में आरोपियों ने 4.15 लाख रुपये का एसबीआई कुशीनगर ब्रांच का चेक दिया, जो बैंक में जमा करने पर फर्जी निकला। पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने आरोपियों से इस बाबत शिकायत की तो उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि अलाउद्दीन की तहरीर पर अमरजीत मिश्रा और पवन सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।