चिलुआताल इलाके का मामला, पुलिस कर रही जांच
गोरखपुर। चिलुआताल क्षेत्र के जंगल महुअवा उर्फ मुहम्मदपुर में एक व्यक्ति से जमीन बैनामा करने के नाम पर पांच लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। एसएसपी के निर्देश पर एम्स क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी कमलेश कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आठ आरोपियों महुअवा उर्फ मुहम्मदपुर के रामकेवल, अंजू, अमित कुमार, अतुल कुमार सिंह, राजू उर्फ राजेश्वर, इंद्रसेन यादव, आदर्श चौहान और दीपक चौहान पर धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने का केस बुधवार को दर्ज किया है।
कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि जंगल महुअवा उर्फ मुहम्मदपुर में स्थित आराजी नंबर 20 की जमीन राजू उर्फ राजकुमार से खरीदने के लिए एग्रीमेंट किया था। कुछ दिन बाद राजू उर्फ राजकुमार की मौत हो गई, जिसके कारण बैनामा नहीं हो सका। इसके बाद जमीन के कागजात पर राजकुमार की बेटी अंजू का नाम चढ़ गया। जमीन का सौदा तय कर अंजू के बैंक खाते में पांच लाख रुपये भेजे। बाद में पता चला कि अंजू ने जमीन का प्रतापगढ़ के गजेरिया अठगांवा के शेखपुर निवासी शिवेंद्र के साथ एग्रीमेंट कर दिया। इसमें रामकेवल, अमित कुमार, अतुल कुमार सिंह, राजू उर्फ राजेश्वर, इंद्रसेन यादव, आदर्श चौहान और दीपक चौहान शामिल थे। ये सभी अंजू को बहकाकर बैनामा करने से रोक रहे हैं और धमकी दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चिलुआताल थाना प्रभारी अतुल श्रीवास्तव ने बताया है कि प्रार्थना मिलने पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। जांच करके साक्ष्य के आधार पर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।