गोरखपुर। देवरिया बाईपास फोरलेन सड़क के निर्माण के साथ पीडब्ल्यूडी आसपास कॉलोनियों में रहने वाले लोगों का आवागमन सुगम बनाने के लिए कट खोलने को लेकर खाका तैयार कर रहा है। फोरलेन सड़क पर मानक के अनुसार 500 मीटर से कम पर कट न रखने पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी ने आवश्यक स्थान पर कट खोलने को लेकर यातायात विभाग और जीडीए को भी पत्र लिख चुका है।
देवरिया बाईपास रोड को 9.50 किमी लंबा फोरलेन बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सड़क पर गिट्टी बिछाने के साथ दोनों तरफ नाला निर्माण का काम करीब पूरा हो गया। फोरलेन सड़क के किनारे नाला निर्माण से पूरी तरह खुली सड़क अब पैक होने लगी है। हालांकि, कॉलोनियों से आने वाले संपर्क मार्ग को छोड़कर नाला निर्माण कराया जा रहा है। फोरलेन सड़क पर मानक के अनुरूप 500 मीटर से कम पर कट नहीं खोलने का खाका पीडब्ल्यूडी की ओर से तैयार किया जा रहा है।
हालांकि, जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सीईएन ने यातायात विभाग और जीडीए को निर्माणाधीन फोरलेन पर आवश्यकतानुसार कट खोलने के लिए स्थान चिह्नित कर सूची मांगी गई थी। तीन माह बाद यातायात विभाग ने दो दिन पहले अपनी सूची पीडब्ल्यूडी को भेजी है। लेकिन, जीडीए की सूची अभी तक नहीं मिली है। दोनों सूची मिलने के बाद उनको मिलाकर आवश्यक कट के निर्माण की सूची तैयार किया जाएगा।
यातायात विभाग की सूची में शामिल है 26 कट
यातायात विभाग की ओर से पीडब्ल्यूडी को देवरिया बाईपास फोरलेन पर कट को लेकर अपनी सूची भेज दी है। इस सूची में प्रमुख रूप से वरदायिनी हॉस्पिटल, इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप, एलआईसी भवन, जीडीए के दोनों गेट के सामने, वरुण किराना स्टोर के सामने, शिव शक्ति फर्नीचर, विपिन सिंह आवास के सामने, पार्षद आवास के सामने, चिड़ियाघर पुलिस चौकी के सामने, चिड़ियाघर निकास द्वार के सामने, लोहिया फेज दो के सामने, सहारा स्टेट के सामने, सिक्टौर मोड़ समेत 26 कट का स्थल चिह्नित कर भेजा है।
वर्जन...
देवरिया बाईपास फोरलेन निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। फोरलेन पर 500 मीटर से कम कट नहीं खोलने का मानक है। हालांकि, जनहित में इस सड़क पर कट खोलने के लिए यातायात विभाग व जीडीए से स्थान चिह्नित कर देने के लिए पत्र लिखा गया था। यातायात विभाग ने 26 स्थान चिह्नित कर सूची भेजी गई है। जीडीए की सूची का इंतजार है। दोनों सूची मिलने के बाद कट खोलने पर मुख्य अभियंता से अप्रूवल लेकर आगे का कार्य कराया जाएगा।
आरपी सिंह, एक्सीईएन, प्रांतीय खंड, पीडब्ल्यूडी