गोरखपुर। गोरक्षनगरी के विभिन्न पार्काें और पोखरों का नगर निगम सुंदरीकरण करेगा। इनका जीर्णोद्धार कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि लोग परिवार संग वहां घूम सकें। मुख्य अभियंता संजय चौहान ने इसके लिए संबंधित अभियंताओं को डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपते हुए डेड लाइन भी तय कर दी है।
झील संरक्षण योजना के तहत विभिन्न वार्डो में पोखरों का संरक्षण एवं सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसके तहत भरवलिया पोखरा, वार्ड संख्या 54 उर्वरक नगर में स्थित पोखरा, राप्तीनगर पोखरा और नकहा मंदिर के पास स्थित पोखरा का सुंदरीकरण और जीर्णोद्धार होगा।
वार्ड नंबर 10 मोहरीपुर के बजरंगपुरम और 54 उर्वरकनगर में स्थित बड़े पार्कों के सुंदरीकरण के लिए डीपीआर अवर अभियंता अतुल कुमार और वार्ड संख्या 21 मोहनपुर और 17 शिवपुर के बड़े पार्कों के सुंदरीकरण की डीपीआर अवर अभियंता राजकुमार बनाएंगे। इन वार्डों में बड़े पार्कों का सुंदरीकरण सहारनपुर मॉडल पर किया जाएगा। इसके लिए डीपीआर तैयार करने की डेडलाइन 23 सितंबर तय की गई है। इसके अलावा शहर के सभी छोटे पार्क जिनका सुंदरीकरण आवश्यक है, सभी अवर अभियंताओं को उनका आगणन 20 सितंबर तक तैयार कर मुख्य अभियंता कार्यालय में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
बॉक्स..
चकबंदी अधिकारी के पास बनेगा वेंडिंग जोन
पीपीपी माॅडल पर नगर निगम चकबंदी ऑफिस के पास वेंडिंग जोन बनाएगा। यहां पर दुकानें लगेंगी ताकि सड़क पर जाम की स्थिति न बने। मुख्य अभियंता संजय चौहान ने अवर अभियंता अवनीश भारती को डीपीआर तैयार करने के लिए निर्देशित किया है। इसके साथ ही हरिओम नगर तिराहा और ट्रांसपोर्ट नगर में करोड़ों रुपये से खर्च कर बने वेंडिंग जोन पर संबंधित दुकानदारों को दुकान आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। हालांकि, पूर्व में भी नगर निगम, डूडा, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने काफी मशक्कत की लेकिन सफलता नहीं मिली।