केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्द्धन सिंह को भी शाम की फ्लाइट के लिए 15 मिनट करना पड़ा इंतजार
गोरखपुर। एयरपोर्ट पर बुधवार को भी पांच फ्लाइटों की लेट लतीफी की वजह से यात्रियों को परेशान होना पड़ा। कुशीनगर से एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दिल्ली जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह को भी करीब 15 मिनट इंतजार करना पड़ा। बंगलुरू के लिए शाम 7:25 बजे रवाना होने वाली अकासा एयरलाइन की फ्लाइट देर से आई। विशेष अनुमति पर रात 9:30 बजे इस फ्लाइट की उड़ान हुई।
एयरपोर्ट पर दोपहर दो बजे बंगलुरू से आने वाली अकासा एयरलाइन की फ्लाइट 1.40 घंटे विलंब से आई। इससे यात्रियों काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा अकासा एयर की 2:50 बजे दिल्ली रवाना होने वाली फ्लाइट करीब दो घंटे, इंडिगो की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट 15 मिनट विलंब से 4:10 बजे उड़ान भरी। इंडिगो की पांच बजे कोलकाता रवाना होने वाली फ्लाइट 5:45 बजे उड़ान भरी। वहीं रात को दिल्ली जाने वाले अकासा की आखिरी फ्लाइट विशेष अनुमति पर 9:30 बजे उड़ान भरी।
बाहर रिसीव करने आए परिजन भी घंटों धूप में खड़े होकर इंतजार करते रहे। परिजनों का कहना था कि रिसीव करने आने वाले लोगों के लिए कहीं बैठने का इंतजाम होना चाहिए। इस गर्मी में बाहर कहीं भी सिर छिपाने की जगह नहीं है।