उनवल। खजनी थाना क्षेत्र के उनवल नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 में रविवार शाम 5:15 बजे शॉर्ट सर्किट से पन्नेलाल जायसवाल के घर में आग लग गई। आग ने घर के उपरी हिस्से में बने गोदाम को अपने चपेट में ले लिया। इससे बिस्कुट, कुरकुरे, चिप्स और अन्य किराने का सारा सामान जल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि इसे नियंत्रित करने में उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के लगातार प्रयासों के बाद ही आग पर काबू पाया जा सका। जानकारी मिली है कि फायर ब्रिगेड की पहली छोटी गाड़ी लगभग 6:10 बजे मौके पर पहुंची, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण लौट गई। दूसरी गाड़ी लगभग 6:45 बजे मौके पर पहुंची, तब तक ग्रामीणों ने आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया था। बची हुई आग को फायर ब्रिगेड की टीम ने बुझाया। घटना की सूचना मिलते ही खजनी थानाध्यक्ष अनूप सिंह और उनवल चौकी इंचार्ज राजीव कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया।