गोरखपुर। मशहूर फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने वीडियो संदेश जारी कर गोरखपुर में पोषण माह को सफल बनाने की अपील की है। यह वीडियो संदेश आईसीडीएस विभाग के ऑफिशियल फेसबुक पेज सहित विभिन्न सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है। वीडियो संदेश में फिल्म अभिनेता ने ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ सुपोषित गोरखपुर सशक्त गोरखपुर का नारा दिया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारे को भी दोहराया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिनव कुमार मिश्र की पहल की अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने चर्चा करते हुए वीडियो संदेश जारी किया है। त्रिपाठी ने कहा कि मातृ और बाल पोषण को समर्पित इस अभियान में गोरखपुर के लोग सक्रिय तौर पर प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा है कि यह कार्यक्रम महिलाओं और बच्चों के लिए बेहद उपयोगी है। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ अभिनव मिश्रा ने बताया कि यह वीडियो संदेश लोगों तक सकारात्मक संचार का एक प्रयास है।