गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम गाड़ी मोड़ने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोगों ने बेल्ट से दूसरे की पिटाई कर दी और मौके से भाग गए। मामले में पीड़ित की तहरीर पर दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
तारामंडल के सिद्धार्थपुरम के रहने वाले सुजीत संजय तिवारी ने तहरीर में बताया कि मंगलवार की शाम 7:30 बजे अपने क्लिनिक से तारामंडल जा रहे थे। उसी दौरान बीच रास्ते में माहेश्वरी हाॅस्पिटल के पास गाड़ी बिना इंडिकेटर ऑन किए अचानक मुड़ गई। उन्होंने बिना इंडिकेटर दिए मड़ने पर टोका तो गाड़ी रोककर वाहन सवार विवाद करने लगे और धक्का-मुक्की करके नीचे गिरा दिया। इसकी वजह से उनके सिर और पैर में चोट लग गई। उठने पर वे लोग फिर हाथापायी करने लगे। उनमें से एक ने बेल्ट निकालकर पिटाई की। पीड़ित ने मोबाइल निकालकर उनकी फोटो खींचने की कोशिश की तो मोबाइल छीनने लगे और फिर भाग गए। थाना प्रभारी नितिन रघुनाथ ने कहा कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।