हरपुर बुदहट। मदरिया गांव में सोमवार को दरवाजे के सामने कूड़ा फेंकने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने बुधवार को दोनों ओर से केस दर्ज कर लिया है।
पहले पक्ष के गणेश पांडेय ने बताया कि उनके और चंद्र कुमार पांडेय के बीच पहले से रंजिश चल रही है। इसी रंजिश को लेकर सोमवार को चंद्र कुमार, सरोज उर्फ कूलबुल, दिलीप और आनंद उर्फ मोनू सहित कई लोग उनके दरवाजे पर आ गए। गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। वहीं, दूसरे पक्ष के चंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि दरवाजे पर कूड़ा फेंकने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद गणेश, गौरव, कन्हैया प्रसाद और उमाशंकर ने मिलकर उन पर हमला कर दिया और जानमाल की धमकी दी। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।