कौड़ीराम। बांसगांव थाना क्षेत्र के कौड़ीराम मेन चौक पर शुक्रवार शाम करीब सात बजे हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोला रोड पर स्थित पुलिस पिकेट के सामने दो बाइक आपस में टकरा गईं, जिससे सवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ देर बाद एक पक्ष ने फोन कर अन्य लोगों को बुलाया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। वीडियो में एक सिपाही दोनों पक्षों को छुड़ाने की कोशिश करता दिखाई देता है, लेकिन इसके बावजूद मारपीट जारी रहती है। बाद में ट्रैफिक पुलिस का एक सिपाही आता है और एक पक्ष को थप्पड़ मारकर अलग करता है। कौड़ीराम चौकी प्रभारी सुभाष पांडेय ने बताया कि भीड़ में से एक लड़के ने पत्थर फेंक दिया, जो दूसरे लड़के के हेलमेट पर लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अलग किया और घटना में शामिल दूसरे लड़के को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामला अब नियंत्रण में है आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।