माड़ापार क्षेत्र में पुराने सर्किल रेट पर जमीन अधिग्रहण करने का आरोप
किसानों ने कहा- बिना विश्वास में लिए जीडीए कर रहा अधिग्रहण
जगदीशपुर। माड़ापार क्षेत्र के किसानों ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। किसानों ने जीडीए की तरफ से जमीन अधिग्रहण में मनमानी का आरोप लगाया। किसानों का कहना था कि पुराने सर्किल रेट पर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने पूरी बात सुनकर समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख पिपराइच आनंद शाही और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशोक शाही के नेतृत्व में किसानों ने गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। आरोप लगाया कि गोरखपुर विकास प्राधिकरण मनमाने तरीके से माड़ापार क्षेत्र के किसानों की जमीन अधिग्रहण कर रहा है। उन्हें पुराने सर्किल रेट पर देने की बात की जा रही है। बाजार रेट से ज्यादा होने के बाद भी कम रेट पर किसानों को बिना विश्वास में लिए अधिग्रहण किया जा रहा है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख आनंद शाही ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पूरी बात सुनी और समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान प्रधान प्रतिनिधि अशोक शाही, संतोष पांडेय और कमलेश सिंह आदि मौजूद रहे।