निर्बाध आपूर्ति के लिए बिजली निगम ने की मुकम्मल तैयारी
गोरखपुर। छठ पर्व के पूजा-अर्चना के दौरान बिजली नहीं कटेगी। इसे लेकर बिजली निगम ने मुकम्मल तैयारी की है। इसके लिए शुक्रवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल के निर्देश के बाद बिजली निगम ने कार्य शुरू कर दिया है।
अधीक्षण अभियंता शहरी लोकेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि मुख्य सचिव एसपी गोयल के निर्देश के बाद शहरी क्षेत्र में बिजली निगम की ओर से तैयारी की जा रही है। छठ घाटों पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। दिवाली को लेकर बने कंट्रोल रूम को पहले की तरह ही सक्रिय कर दिया गया है। किसी भी समस्या को लेकर उपभोक्ता कंट्रोल रूम के नंबर 9415737209 पर सूचना दे सकते हैं। ड्यूटी पर तैनात अधिकारी व कर्मचारी तत्काल समस्याओं का समाधान कराएंगे।
उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम में 24 घंटे शिफ्ट वाइज ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही निर्देश दिया गया है कि सभी अभियंता व अधिशासी अभियंता अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे, ताकि किसी प्रकार की घटना न हो। किसी भी घटना या फॉल्ट की जानकारी कंट्रोल रूम में दी जा सकती है। तत्काल समस्या का समाधान किया जाएगा। इसके लिए अतिरिक्त ट्राली ट्रांसफार्मर की भी व्यवस्था की गई है।