‘विकसित यूपी2047’ : सीएम योगी ने नगरीय निकायों को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मेयर और पार्षदों से विकसित उत्तर प्रदेश पर किया संवाद
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘विकसित यूपी2047’ संवाद शृंखला के तहत प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों, 200 नगरपालिकाओं और 545 नगर पंचायतों के जनप्रतिनिधियों से वर्चुअल संवाद किया। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश को 2047 तक विकसित राज्य बनाने में नगर निकायों की सबसे अहम भूमिका होगी। हर निकाय को यह संकल्प लेना चाहिए कि उसका शहर स्वच्छ, आधुनिक और आत्मनिर्भर बने।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘अमृतकाल के पंच प्रण’ को आधार मानते हुए विजन साझा किया। उन्होंने बताया कि विकसित यूपी अभियान तीन स्तंभों- अर्थशक्ति, सृजन शक्ति और जीवनशक्ति पर टिका है। इसके तहत 12 प्रमुख सेक्टरों के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जाएगा। संवाद के दौरान अभियान पर आधारित एक वीडियो फिल्म दिखाई गई। साथ ही क्यूआर कोड और पोर्टल के जरिये आम नागरिकों से सुझाव लेने की प्रक्रिया की शुरुआत भी की गई।
सीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक नगरीय निकाय इस विषय पर संवाद आयोजित करे और हर परिवार से कम से कम एक सुझाव जरूर प्राप्त किया जाए। श्रेष्ठ सुझावों को जिला और प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि अभियान से संबंधित पत्रों को बैठकों में पढ़ा जाए और इसे जनचर्चा का हिस्सा बनाया जाए। इस मौके पर मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने पार्षदों से अपील की कि अभियान को आगे बढ़ाने में सक्रिय योगदान दें।
संवाद में नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, उप सभापति पवन त्रिपाठी, पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी, विजेंद्र अग्रहरी, अशोक मिश्रा, सरिता यादव, आरती सिंह, पूनम सिंह, अभिषेक पासवान, राजा यादव, अभिषेक शर्मा, शिवेंद्र मिश्र, अजय राय, धर्मेंद्र सिंह, ऋषि मोहन वर्मा और बड़ी संख्या में पार्षद शामिल हुए।