गुलरिहा थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस कर रही जांच
गुलरिहा। मेडिकल कॉलेज रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के नाम पर 10 दिनों के अंदर 1.17 लाख वसूलने का मामला सामने आया है। करंट लगने से घायल दो बच्चों के इलाज के नाम पर पैसे वूसल लिए गए लेकिन तबीयत में सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि एक व्यक्ति बिना डिग्री के चिकित्सक बनकर अवैध अस्पताल चलाता है और मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर वसूली कर रहा है। पूछताछ करने पर परिजनों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
एसपी के आदेश पर गुलरिहा पुलिस ने कथित चिकित्सक के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौज समेत जान से मारने की धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के मधेश्वर कुमार पांडेय ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके दो भांजे अमन तिवारी (17) और विशाल तिवारी (8) करंट लगने से घायल हो गए थे। दोनों मेडिकल कॉलेज रोड स्थित पायनियर अस्पताल में भर्ती हैं। आरोप है कि डॉ. केए श्रीवास्तव उर्फ ऐश्वर्य श्रीवास्तव ने परिजनों को बहला-फुसलाकर दोनों बच्चों को पायनियर अस्पताल में भर्ती करवाया। विगत 10 दिनों में बच्चों की तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ है फिर भी इलाज के नाम पर 1.17 लाख रुपये वसूल लिए गए हैं। गुलरिहा थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने कहा कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।