यूपी की हाईटेक पुलिस नौ साल बाद भी ढाई लाख इनामी बदमाश राघवेंद्र यादव को पकड़ने में फिसड्डी साबित हुई है। उसकी तलाश में एसटीएफ, क्राइम ब्रांच के साथ अन्य एजेंसियां भी लगाई गईं, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
गोरखपुर के झंगहा में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के बाद वह वर्तमान में यूपी पुलिस के मोस्ट वांटेड लिस्ट में टॉप पर पहुंच गया है। झंगहा के सुगहा निवासी राघवेंद्र यादव ने 6 जनवरी 2016 को अपने ही पटीदार रिटायर्ड दरोगा जयहिंद के भाई बलवंत और बेटे कौशल की दिनदहाड़े हत्या कर भाग गया था।
करीब दो साल बाद 10 अप्रैल 2018 को उसने केस की तारीख से लौट रहे रिटायर्ड दरोगा जयहिंद और उनके दूसरे बेटे नागेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे नाराज ग्रामीणों ने पुलिस जीप तक फूंक दी थी। इसके बाद गोरखपुर पुलिस ने राघवेंद्र पर पहली बार 25 हजार का इनाम घोषित किया, जो बाद में 50 हजार फिर एक लाख और अब बढ़कर 2.5 लाख हो चुका है। इधर, परिवार के लोगों ने अभी तक तेरहवीं तक नहीं की है।