अक्तूबर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम को आमंत्रित करने गए थे चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी
गोरखपुर। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान उद्यमियों ने गीडा की फैक्टरियों को बिजली संकट से हो रहे नुकसान की जानकारी दी। साथ ही सितंबर-अक्तूबर के बीच एक औद्योगिक गोष्ठी का आयोजन करने और उसमें मुख्यमंत्री के आगमन का आग्रह भी किया।
चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आरएन सिंह ने बताया कि गीडा की फैक्टरियों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। कभी कटौती, कभी फाल्ट तो कभी लो वोल्टेज की दिक्कत आती है। उन्होंने बताया कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को बैंक द्वारा क्रेडिट गारंटी फंड स्कीम के तहत फाइनेंस नहीं किया जा रहा है। इससे उद्योगों को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
वर्तमान में गीडा के दो उद्योग ऋण के लिए बैंकों से संपर्क कर रहे हैं, लेकिन मदद नहीं मिल रही है। उद्यमियों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे सूक्ष्म और लघु श्रेणी के उद्योगों को भी क्रेडिट गारंटी फंड स्कीम के तहत फाइनेंस की सुविधा के लिए निर्देश दें। इसके अलावा फैसिलिटेशन काउंसिल में चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के एक उद्यमी को सदस्य नामित करें। उद्यमियों ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि वे लोग सितंबर या अक्तूबर में एक औद्योगिक गोष्ठी का आयोजन करने वाले हैं, जिसमें मुख्यमंत्री की मौजूदगी से उद्यमियों का उत्साह बढ़ेगा।