गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग के छात्रों की सुविधा के लिए एक अलग ब्लॉक बनाया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन प्रपोजल तैयार कर रहा है। इसे मजीठिया भवन के पास खाली जमीन पर बनाने की तैयारी है। जमीन की पैमाइश भी कराई जा चुकी है।
गोरखपुर विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग की पढ़ाई वर्तमान में दीक्षा भवन और वाणिज्य संकाय के बीच बनी बिल्डिंग में हो रही है। इंजीनियरिंग में पाठ्यक्रम अधिक होने पर कक्षा संचालन में दिक्कत होती है। ऐसे में शिफ्टवार एक ही कक्षा में अलग-अलग पाठ्यक्रम की कक्षाएं चलती हैं। इससे छात्रों को काफी परेशानी होती है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक और इंजीनियरिंग का ब्लॉक बनाने का निर्णय लिया है। मजीठिया भवन के पास की खाली जमीन को चिह्नित किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन इंजीनियरिंग ब्लॉक बनाने का प्रपोजल तैयार कर रहा है। दो दिन पहले जमीन की पैमाइश कराई गई। पहले करीब डेढ़ करोड़ की लागत से दो मंजिला भवन बनाया जाएगा। आगे चल कर उसके ऊपर दो मंजिल और बनाने की योजना है।