सफाई कर्मचारियों ने कार्यस्थलपर असुरक्षा का मुद्दा उठाया
गोरखपुर। नगर निगम मुख्यालय परिसर में बुधवार को स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारियों ने सांकेतिक धरना देकर अपनी पुरानी मांगों और कार्यस्थल पर असुरक्षा के विरोध में प्रदर्शन किया। महासंघ के आह्वान पर 13 से 16 अक्तूबर तक जारी विरोध कार्यक्रम के तहत यह धरना आयोजित किया गया।
धरने की अध्यक्षता करते हुए महासंघ के अध्यक्ष राम प्रकाश सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याएं 2017 से लंबित हैं लेकिन शासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने बताया कि अकेंद्रीयित सेवा नियमावली नहीं होने के कारण कर्मचारियों को पदोन्नति और स्थानांतरण का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
राम प्रकाश सिंह ने कहा कि वार्डों में कार्यरत सफाई कर्मियों और वाहन चालकों के साथ लगातार बढ़ती मारपीट की घटनाओं से कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने नगर आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में सभी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की ताकि वे निश्चिंत होकर शहर की सफाई व्यवस्था में योगदान दे सकें। अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं सफाई कर्मियों की सराहना करते हैं फिर भी उनकी सुरक्षा और सुविधाओं की अनदेखी दुखद है। धरने का संचालन रविंद्र कुंवर ने किया। कार्यक्रम में समन्वय समिति के पदाधिकारियों सहित छेदीलाल, शक्ति मिश्रा, देवेंद्र मिश्रा, फरहान अहमद और सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।