कार्रवाई नहीं होने पर सड़क पर उतरेंगे सफाई कर्मचारी
गोरखपुर। सफाई कर्मचारी संघ व राज्य कर्मचारी संघ के नेताओं ने बुधवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की। कर्मचारी नेताओं ने जंगल कौड़िया ब्लॉक के सफाई कर्मचारी के साथ की गई मारपीट के आरोपी प्रधान पर कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
कर्मचारी नेताओं से वार्ता के बाद जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को फोन कर आरोपी प्रधान के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करने को कहा। कर्मचारी नेताओं ने मांग किया कि आरोपी प्रधान के ऊपर गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर रूपेश कुमार श्रीवास्तव, मदन मुरारी शुक्ल, अशोक पांडेय, पंडित श्याम नारायण शुक्ल, रमेश कुमार भारती, सूर्यभान सिंह व अन्य मौजूद रहे।
यह है मामला
सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रमेश भारती ने कहा कि हम जिले के मुखिया से न्याय की गुहार लगाने आए हैं और हमें उम्मीद है न्याय मिलेगा। अगर पीड़ित को न्याय नहीं मिला तो सफाई कर्मचारी संघ सड़क पर उतरेगा। 27 जनवरी को सफाई कर्मचारी विमलेश कुमार द्विवेदी जंगल कौड़िया के ग्राम करजहवा में अपने ड्यूटी पर तैनात था। किसी ने टोटी खोल दी तो पूरे पंचायत भवन में पानी भर गया। विमलेश ने टोटी खोलने वाले पर टिप्पणी की तो प्रधान गाली देने लगे। विरोध करने पर मारा-पीटा।