गोरखपुर। बिजली के निजीकरण के विरोध में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आवाहन पर मंगलवार को जिले के सभी कार्यालयों में बिजली कर्मचारियों और अभियंताओं ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज किया। संघर्ष समिति के निर्णय के अनुसार बिजली कर्मियों ने कार्य नहीं प्रभावित होने दिया किंतु काली पट्टी बांधकर अपनी एकता का परिचय दिया और निजीकरण के विरोध में निर्णायक संघर्ष का संकल्प लिया। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक इं.पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि निजीकरण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में मुख्य अभियंताओं एवं अधीक्षण अभियंताओं ने भी काली पट्टी बांधकर संघर्ष समिति के प्रति समर्थन एवं निजीकरण के प्रति विरोध प्रकट किया।
राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने जताया विरोध
राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने मंगलवार को शाखा अध्यक्ष ई. अमित यादव की अध्यक्षता में मासिक बैठक हुई। बैठक में वक्ताओं ने उत्तर प्रदेश पाॅवर कॉरपोरेशन की ओर से पूर्वांचल एवं दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रस्तावित निजीकरण पर गहरा रोष व्यक्त किया तथा विभाग एवं परिवार के भविष्य को बचाने के लिए हर स्तर के संघर्ष का संकल्प लिया गया।