गोरखपुर। मेडिकल कॉलेज के पास झुंगिया बाजार इलाके में मंगलवार की दोपहर 250 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर जल गया। इससे 15 परिवारों को बिजली संकट झेलना पड़ा। सूचना देने के 34 घंटे बाद भी बुधवार देर तक इसे बदला नहीं जा सका। भीषण गर्मी में यहां के लोग परेशान हैं।
मोहद्दीपुर ग्रामीण प्रथम उपकेंद्र से जुड़ी इस इलाके की बिजली दोपहर में गुल हो गई। पहले लोगों ने समझा कि सामान्य दिनों की तरह कटौती हुई। करीब 2 घंटे इंतजार के बाद उपभोक्ताओं ने सूचना दी तब जाकर अभियंताओं को ट्रांसफाॅर्मर के फुंकने की जानकारी हुई। इसके बाद भी ट्रांसफाॅर्मर को बदला नहीं गया। एसडीओ राहुल कुमार ने बताया कि वर्कशॉप को सूचना दे दी गई है। ट्रांसफाॅर्मर जल्द बदलने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय निवासी डॉक्टर अशोक जायसवाल ने बताया कि बिजली न रहने से इन्वर्टर भी जवाब दे गया। सबसे बड़ी दिक्कत पानी की है। डॉ. ए क्यू खान ने बताया कि बाहर से पानी मंगाकर भोजन बना है। वर्कशॉप के एक्सईएन मुदित तिवारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में भेजे जाने के लिए 48 घंटे का समय निर्धारित किया गया है। हमारा प्रयास है कि समय के भीतर ही ट्रांसफाॅर्मर लगवा दें। सुबह जल्द से जल्द ट्रांसफाॅर्मर लगवा दिया जाएगा।