उनवल, बड़हलगंज और गोला इलाकों में लोग घरों से बाहर निकले
किस वजह से कौन लोग उड़ा रहे ड्रोन, पुलिस भी कर रही पड़ताल
उनवल, बड़हलगंज, गोला। खजनी तहसील के नगर पंचायत उनवल सहित आसपास के गांवों, बड़हलगंज और गोला इलाके में देर रात आसमान में उड़ते अज्ञात ड्रोन ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। शुक्रवार की रात तक कई इलाकों में सात से अधिक ड्रोन देखे जाने का दावा ग्रामीणों ने किया है। अचानक आसमान में रोशनी के साथ मंडराते इन ड्रोन्स ने लोगों की नींद उड़ा दी है। इसे लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
उनवल में स्थानीय निवासी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि शाम सात बजे आसमान में तेज रोशनी दिखी। पहले तारे जैसा लगा लेकिन वह लगातार चल रही थी और रुक-रुककर घूम भी रही थी। इससे बच्चे डर गए। देवेंद्र यादव ने कहा कि यह पिछले एक सप्ताह से हो रहा है। ड्रोन कभी-कभी घरों के ऊपर मंडराते हैं। इससे लोगों की निजी जिंदगी पर नजर रखे जाने का शक है। शिकायत पर खजनी थाने की पुलिस सक्रिय हुई। थानाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह ने बताया ड्रोन संचालन से जुड़े नियम हैं। जांच की जा रही है कि यह किसके द्वारा और किस उद्देश्य से उड़ाए जा रहे हैं। जल्द ही रहस्य से पर्दा उठेगा और जिम्मेदारों पर कानूनी कार्रवाई होगी।
वहीं दूसरी ओर बड़हलगंज इलाके में भी ड्रोन की दहशत चरम पर है। थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने हल्का इंचार्जों और बीट कांस्टेबलों को तीन दिन में इलाके के सभी ड्रोन स्वामियों का व्यक्तिगत ब्योरा लेकर सत्यापन का निर्देश दिया है। मधुपुर, बसावनपुर, खडेसरी, भैसहट, पटना, डेरवा और कई गांवों में लोग रातभर पहरेदारी कर रहे हैं। युवाओं की टोलियां हाथों में लाठी-डंडे लेकर सुबह पांच बजे तक गश्त कर रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि महिलाओं और बच्चों में डर का माहौल है। हर गांव में युवाओं ने चौकसी बढ़ा दी है और अनजान लोगों से पहचान पत्र तक देखे जा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस टीमें अलर्ट हैं और लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। घबराने की जरूरत नहीं है।
उधर, गोला क्षेत्र के शिवपुर चौराहे पर शुक्रवार देर शाम दो ड्रोन उड़ते देख भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार ने निरीक्षण किया और ड्रोन ऑपरेटर की तलाश की लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस हर स्तर पर जांच कर रही है और लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। लेकिन जब तक ड्रोन उड़ाने वालों की पहचान सामने नहीं आती, तब तक ग्रामीण इलाकों में दहशत बने रहना तय है।