भाजपा पार्षद के भतीजे पर दर्ज केस वापस नहीं होने पर बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर सकते हैं पार्षद
गोरखपुर। सोमवार को होने वाली नगर निगम की 15वीं सदन बैठक को लेकर संशय बना हुआ है। ढाई माह बाद होने वाली इस बैठक को लेकर भाजपा पार्षदों के बहिष्कार की आशंका गहराने लगी है। मामला वार्ड-38 कान्हा उपवन नगर के भाजपा पार्षद छोटे लाल के भतीजे रिंकू से जुड़ा है। उसके खिलाफ सफाईकर्मियों की मांग पर एससी-एसटी एक्ट सहितन अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। शनिवार को भाजपा पार्षदों ने मेयर से मुलाकात कर केस वापस लेने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के मेट राम चरण भारती ने 29 सितंबर को राजघाट थाने में रिंकू, उसके साथी सत्य प्रकाश और 15-20 अज्ञात पर आरोप लगाया था कि उन्होंने महेवा हाजिरी स्थल पर सुपरवाइजर सुजीत कुमार और उन पर हमला किया और जातिसूचक टिप्पणियां कीं। इस कार्रवाई से नाराज भाजपा पार्षद शनिवार को मेयर डॉ. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव से मिले और केस वापस लेने की मांग की। मेयर ने पार्षदों की बातें सुनने के बाद उन्हें नगर आयुक्त से चर्चा करने की सलाह दी।
उधर, पार्षदों का एक वर्ग नगर निगम में अवर अभियंताओं के तबादले नहीं होने से भी असंतुष्ट है। इस बीच खबर है कि भाजपा पार्षदों ने सदन का कोरम पूरा न हो सके, इसके लिए सपा पार्षदों से भी सहयोग की अपील की है। सपा पार्षदों ने संकेत दिया है कि वे “पार्षद हित” में भाजपा का साथ दे सकते हैं।