ओपीडी का नया भवन बनाने का काम तेज, चिकित्सकों के लिए अलग-अलग होंगे कक्ष
गोरखपुर। जिला अस्पताल की ओपीडी का नया भवन बनाने का काम तेज हो गया है। वर्तमान भवन जर्जर होने की वजह से ये फैसला लिया गया है। भवन बनने के बाद मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। एक ही डिस्प्ले बोर्ड पर कक्ष और चिकित्सक का नाम डिजिटल स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा। इससे मरीजों को इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।
सीएमएस डॉ. बीके सुमन ने बताया कि नए भवन का नक्शा जारी कर दिया गया है। नया भवन भी सरकारी विभाग की तरफ से बनाया जा रहा है। नए परिसर में ऑडिटोरियम, लाइब्रेरी, ओपीडी ब्लाॅक, पार्किंग और अन्य सुविधाएं होंगी।
जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग बनने से मरीजों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। नये भवन में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के आवास भी बनाने की योजना है। अस्पताल परिसर के मुख्य गेट से अंदर दाएं तरफ सरकारी चिकित्सकों के आवास हैं। भवन बनकर तैयार होने के बाद नए सिरे से चिकित्सकों को कक्ष का आवंटन किया जाएगा।
अभी मरीजों को चिकित्सकों के कक्ष के सामने घंटों इंतजार करना पड़ता है, लेकिन नया ओपीडी हॉल बनने से वहां ओपीडी काउंटर बन जाएंगे। मरीजों के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर होंगे। मरीज हॉल में बैठकर अपने नंबर का पता लगा सकेंगे। अलग-अलग काउंटर पर मरीजों को सलाह के लिए भी लोग मौजूद रहेंगे।
छात्रों के लिए बनेगी आधुनिक लाइब्रेरी
सीएमएस डॉ. बीके सुमन ने बताया कि जिला अस्पताल में डिप्लेमेट नेशनल बोर्ड (डीएनबी) की पढ़ाई शुरू हो गई है। इस वर्ष अभी चार छात्रों का बैच है। नए सत्र में इसे और बढ़ाया जाएगा। इन बच्चों को कक्षा के अलावा बेहतर पढ़ाई के लिए नई लाइब्रेरी बनवाई जाएगी। इससे संबंधित सभी किताबें लाइब्रेरी में मौजूद रहेगी। इसमें बच्चों का चयन नेशनल बोर्ड ऑफ एजुकेशन मेडिकल साइंस (एनबीईएमएस) के तहत होता है।