चौरीचौरा थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया
सरदारनगर/चौरीचौरा। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के डुमरी खास में सोमवार की शाम केडीआरटी कॉलेज के पास गाड़ी पास लेने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक युवक का सिर फूट गया। इससे डुमरी खास बसंत टोला के युवक आक्रोशित हो उठे और मूर्ति ले जा रही गाड़ी को रोक लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, पिपराइच क्षेत्र के हेमधापुर गांव के युवक सोमवार की शाम चौरीचौरा क्षेत्र से दुर्गा प्रतिमा लेकर अपने गांव जा रहे थे। गाड़ी पर बज रहे डीजे पर कुछ लोग नाच रहे थे। इसी दौरान डुमरी खास बसंत टोला के अरविंद कुमार अपनी पिकअप में सीमेंट पाइप लोड करके सोनबरसा बाजार जा रहे थे। पिकअप चालक ने गाड़ी आगे बढ़ाने का प्रयास किया, तो नाच रहे युवकों ने उसके सामने आकर विरोध किया और विवाद शुरू हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची चौरीचौरा पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया और मूर्ति व डीजे गाड़ी को हेमधापुर के लिए रवाना किया। थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि दोनों पक्षों को समझाकर मामले को शांत करा दिया गया।