फातिमा बाईपास पर रविवार रात दुकान के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान पादरी बाजार चौकी के दरोगा पिस्टल निकाल कर लहराने लगे। इससे वहां हड़कंप मच गया। सूचना पर चौकी के अन्य पुलिस वाले पहुंच गए और मामला शांत कराया। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों का शांतिभंग में चालान किया है।
दरोगा का पिस्टल लहराने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने कहा कि सीओ को मामले की जांच सौंपी गई है, जो भी दोषी मिलेगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, बस्ती जिले में पुलिस विभाग में तैनात आर्मोरर की बेटी की शादी रविवार को फातिमा बाईपास स्थित सेवन रिंग मैरिज हॉल में थी। शादी में पादरी बाजार चौकी के सिपाही और दरोगा को भी निमंत्रण मिला था। रात 9:00 बजे पादरी बाजार चौकी के दरोगा पवन यादव और सिपाही ओमप्रकाश सादी ड्रेस में शादी में शामिल होने मैरिज हॉल पहुंचे और पास में एक फर्नीचर की दुकान के सामने बाइक खड़ी करने लगे।
तभी बगल के मकान के अरुण सिंह ने उनसे रास्ता छोड़कर बाइक खड़ी करने को कहा। आरोप है कि इस बात पर पुलिस कर्मी उनसे उलझ गए। दोनों पक्षों में गाली-गलौच होने लगी। खुद को पादरी बाजार चौकी का दरोगा बताते हुए पवन यादव ने पिस्टल निकाल ली।
विवाद बढ़ता देख वहां भीड़ जुट गई। कई लोग वीडियो भी बनाने लगे। इसी बीच सूचना पाकर चौकी के पुलिस कर्मी पहुंच गए और मामला शांत कराया। इस मामले में पुलिस ने अरुण सिंह समेत दो लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
उधर, कुछ ही देर में दरोगा का पिस्टल लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला एसपी सिटी तक पहुंचा तो उन्होंने सीओ गोरखनाथ को मामले की जांच सौंप दी। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।