गोरखपुर। नगर निगम परिसर में मौजूद 100 साल पुरानी लाइब्रेरी के जीर्णोद्धार का काम लगभग पूरा हो गया है। इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। लाइब्रेरी में फर्नीचर लग गए हैं। जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों इसका लोकार्पण कराने की तैयारी है।
100 वर्ष पुरानी इस लाइब्रेरी को होम्स क्लेन के नाम से जाना जाता है। इसकी स्थापना ब्रिटिश शासन के दौरान 1925 में हुई थी। इसे अमन-ओ-अमन सभा के कार्यकारिणी सदस्यों ने शहर के बुद्धिजीवियों के लिए स्थापित किया था। शुरुआत में होम्स क्लेन अमन-ओ-अमन पुस्तकालय कहा जाता था, लेकिन बाद में नगर निगम ने इसका नाम बदलकर राहुल सांस्कृत्यायन पुस्तकालय कर दिया। लाइब्रेरी में करीब 15 हजार पुस्तकें मौजूद हैं जिसमें कुछ किताबें ऐसी हैं, जो आज किसी भी दूसरी लाइब्रेरी में मिलनी मुश्किल है।
निगम 4.5 करोड़ रुपये की लागत से इस लाइब्रेरी का जीर्णोद्धार करवा रहा है। नगर निगम के मुख्य अभियंता संजय चौहान ने बताया कि लाइब्रेरी में ऑनलाइन पढ़ाई के लिए वाईफाई और कंप्यूटर की सुविधा रहेगी।
बैठकर पढ़ने के लिए स्टडी डेस्क, ऑनलाइन पठन सामग्री के लिए फोटोकॉपी करने के लिए प्रिंटिंग जोन और सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे भी लगा जा रहे हैं।