कस्बे में टिनशेड की बन रही देसी शराब की दुकान गिराने के मामले में 31 के विरुद्ध केस दर्ज
गुलरिहा। क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर वन में आवंटित देसी शराब की दुकान का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार शाम कस्बे के बाहर टिनशेड की बनी रही देसी शराब की दुकान को ग्रामीणों ने गिरा दिया। मामले में संचालक की तहरीर पर 11 नामजद व 20 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया। पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान भी किया है।
क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर एक में देसी शराब की दुकान आवंटित होने के बाद से ही विरोध शुरू हो गया है। पहले कस्बा में घनी आबाद का हवाला देकर ग्रामीण विरोध जता रहे थे। इसके बाद संचालक ने घनी आबादी के बाहर दुकान खोलने के लिए निर्माण कार्य शुरु करा दिया। कस्बे के बाहर टिनशेड दुकान का निर्माण लगभग हो गया था। इसी बीच शुक्रवार शाम दो दर्जन से अधिक ग्रामीण मौके पर पहुंचे और निर्माणाधीन टिनशेड नुमा दुकान को गिरा दिया।
संचालक परसौना निवासी सुरेंद्र कुमार यादव ने तहरीर में बताया कि पहले घनी आबादी की बात कहते हुए ग्रामीण विरोध कर रहे थे। जनहित को देखते हुए आबादी से दूर एक टिनशेड दुकान का निर्माण कराया। आगे का हिस्सा तैयार हो चुका था। पीछे के हिस्से का निर्माण चल रहा था। शुक्रवार शाम जंगल डुमरी नंबर एक निवासी रेहाना, अनुष्का, अनुराधा, नेहा निषाद, संध्या, गीता, माया, हतीजा, रहमान, सोनुब्बर, मोतीचंद समेत 20 अज्ञात लाठी-डंडा लेकर आए और तोड़फोड़ कर दुकान को गिरा दिया। आरोप लगाया कि दुकान पर काम करने वाले एक युवक की भी पिटाई कर दी।